अंजुमनउपहार कविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्राम
गौरवग्रंथ दोहेरचनाएँ भेजेंनई हवा पाठकनामा पुराने अंकसंकलन
हाइकु हास्य व्यंग्यक्षणिकाएँदिशांतरसमस्यापूर्ति

 

अनुभूति में हरे राम समीप की रचनाएँ

दोहे
प्रश्नोत्तर चलते रहे

कविताओं में
आस न छोड़ो
कविता भर ज़मीन
धीरज
पूजा
योगफल
शब्द
शोभा यात्रा
सड़क
सेल

  योगफल

मेरे गाँव में
अब भी
सब कुछ ख़त्म नहीं हुआ है

प्रेम और उपकार का भाव
बरसों से
आम और नीम के पेड़ों की तरह
आज भी हरा है यहाँ

यहाँ
दिलों के भीतर की आग
गुरसी की राख के भीतर
दबे अंगारे की तरह
अब भी ज़िंदा है
इसीलिए जब तब
प्रेम की चिनगारियों की ख़बरें
आ ही जाती हैं
गाँव से।

यहाँ एक घर का दुख
आज भी
पूरे गाँव की आँखें भिगोता है
और एक की खुशी में
बसंत हो जाता है
पूरा गाँव।

लोग
अपने हाथ का काम छोड़कर
दौड़े आते हैं
गाँव के अतिथि से मिलने
और सहआतिथ्य के बीच
अतिथि भूल ही जाता है
कि आख़िर वह
किसके घर आया था
यहाँ पर

यदि
सारी दुनिया के लोग आ जाएँ
फिर भी
जगह की कमी नहीं पड़ेगी
मेरे गाँव में

अब भी
दूसरों की भलाई में
लगा रहना चाहता है
यहाँ का
हर आदमी
दूसरे की मुसीबत
अपने सर लेने को
तत्पर रहते हैं
गाँव के लोग

अभी भी
गाँव के लोग
किसी डर के बीच
एकजुट रहना जानते हैं

मेरा गाँव
उजाले की एक खिड़की है
जहाँ से दिखता है
दुनिया का बेहतरीन नज़ारा
एकदम साफ़–साफ़

मेरा गाँव
योगफल है
सभी मानवीय विश्वासों का।

16 जुलाई 2007

इस कविता पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमनउपहारकविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्रामगौरवग्रंथदोहेरचनाएँ भेजें
नई हवा पाठकनामा पुराने अंक संकलनहाइकुहास्य व्यंग्यक्षणिकाएँ दिशांतरसमस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक माह की 1–9 –16 तथा 24 तारीख को परिवर्धित होती है।

website metrics