होली है!!

 

देखो वसंत आ गया



पीत-पीत हुए पात
सिकुड़ी-सिकुड़ी-सी रात
ठिठुरन का अंत आ गया
देखो वसंत आ गया।।

मादक सुगंध से भरी
पंथ-पंथ आम्र मंजरी
कोयलिया कूक-कूक कर
इठलाती फिरे बाबरी।
जाती है जहाँ दृष्टि
मनहारी सकल सृष्टि
लास्य दिग दिगंत छा गया।
देखो वसंत आ गया।।

शीशम के तारुण्य का
आलिंगन करती लता
रस का अनुरागी भ्रमर
कलियों का पूछता पता।
सिमटी-सी खड़ी भला
सकुचायी शकुंतला
मानो दुष्यंत आ गया।
देखो वसंत आ गया।।

पर्वत का ऊँचा शिखर
ओढ़े हैं किंशुकी सुमन
सरसों के फूलों भरा
वासंती मोहक उपवन
करने कामाग्नि दहन
केसरिया वस्त्र पहन
मानों कोई संत आ गया
देखो वसंत आ गया।

-शास्त्री नित्यगोपाल कटारे
९ मार्च २००६

इस कविता पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमनउपहारकविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्रामगौरवग्रंथदोहेरचनाएँ भेजें
नई हवा पाठकनामा पुराने अंक संकलनहाइकुहास्य व्यंग्यक्षणिकाएँ दिशांतरसमस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक माह की 1–9 –16 तथा 24 तारीख को परिवर्धित होती है।

website metrics