राम बनेगा कौन

 
  ओ राम राज ले आने का दावा करने वाले
झूठा झूठा वादा और छलावा करने वाले
राम राज में बोलो राजा-राम बनेगा कौन?
इसी प्रश्न पर अक्सर तुम
क्यों हो जाते हो मौन?

कौन  यहाँ  है  जो  इंद्री  पर संयम रखता है
कौन  यहाँ  है  जो  मर्यादा  उत्तम रखता  है,
कौन कुशल है  नीति न्याय में और प्रबंधन में
किसने खुद को निहित किया है जन संवर्द्धन में
कहो भला आदर्श रूप में
अब निखरेगा कौन

किसके सम्मुख दुःख भी आकर सुख हो जाते हैं
किसके  दर  पर  सब  पीड़ा  से राहत पाते हैं
कौन  लोक  के  अनुरंजन  को  कष्ट उठाता है
किसे  स्वयं  को सर्व सुलभ अब करना आता है
शोषित और उपेक्षित जन के
साथ चलेगा कौन

कौन सदा निष्काम रहा है अपने जीवन में
मिला बिछौना राज भवन में या निर्जन वन में
किसने सब कुछ त्याग दिया है वादों के खातिर
दुखियारों के आवाहन पर कौन हुआ हाजिर
आज सत्य के लिए सदा
तैयार रहेगा कौन

- सुमित सोनी
१ अप्रैल २०२०

इस रचना पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमन। उपहार। काव्य चर्चा। काव्य संगम। किशोर कोना। गौरव ग्राम। गौरवग्रंथ। दोहे। रचनाएँ भेजें
नई हवा। पाठकनामा। पुराने अंक। संकलन। हाइकु। हास्य व्यंग्य। क्षणिकाएँ। दिशांतर। समस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इसमें प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक सोमवार को परिवर्धित होती है

hit counter