अंजुमनउपहार कविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्राम
गौरवग्रंथ दोहेरचनाएँ भेजेंनई हवा पाठकनामा पुराने अंकसंकलन
हाइकु हास्य व्यंग्यक्षणिकाएँदिशांतरसमस्यापूर्ति

 


प्रदीप दूबे के दोहे

 

 

जेठी दोहे

धूसर रंग से रंग रहा जेठ हरा परिवेश
मौसम राजा ने दिया यह कैसा आदेश

जेठ लगे सुलगा दिए मौसम ने तंदूर
भौजी जैसी धूप अब बनी सास सी क्रूर

रीते वाबी कूप सर सरस नदी के तीर
इत उप पानी खोजती चिड़िया तृषित अधीर

प्यास वनों में छा गई मौसम गरम मिज़ाज
बोला बूढ़ा पेड़ इक हुई कोढ़ में खाज

वनखंडी ऊजड़ हुई पगडंडी वीरान
एकाकीपन की व्यथा बाँचे तपे सिवान

तपे दिनों से खा रहे जब खजूर तक मात
फिर बेचारी दूब की आखिर क्या औकात

काट रहे दिन ताप के धूल उड़ाते खेत
ढोएँ मेड़ उदासियाँ नदी फाँकती रेत

लपटों ने झुलसा दिए नए खिले जलजात
असमय ही पिरिया गए हरे पेड़ के पात

फूलोंवाली घाटियाँ सहमी ऊजड़ मौन
गर्म हवा के काफ़िले रोके भी तो कौन

सूरज की भट्ठी तपी हवा बड़ी बेपीर
अगनबाण बरसा रही झुलसा रही शरीर

1 जून 2007

 

इस कविता पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमनउपहारकविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्रामगौरवग्रंथदोहेरचनाएँ भेजें
नई हवा पाठकनामा पुराने अंक संकलनहाइकुहास्य व्यंग्यक्षणिकाएँ दिशांतरसमस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक माह की 1–9 –16 तथा 24 तारीख को परिवर्धित होती है।