अंजुमन। उपहार। काव्य संगम। गीत। गौरव ग्राम। गौरवग्रंथ। दोहे। पुराने अंक संकलन। अभिव्यक्ति। कुण्डलिया। हाइकु। हास्य व्यंग्य। क्षणिकाएँ। दिशांतर

नीम की पत्तियाँ
 

 

कितनी सुन्दर होती हैं पत्तियाँ नीम की
ये कोई कविता क्या बताएगी

जो उन्हें मीठे दूध में बदल देती है
उस बकरी से पूछो
पूछो उस माँ से
जिसने अपने शिशु को किया है निरोग उन पत्तियों से
जिसके छप्पर पर उनका धुआँ
ध्वजा की तरह लहराता है
और जिसके आँगन में पत्तियाँ
आशीषों की तरह झड़ती हैं

कभी नीम के सफ़ेद नन्हें फूलों की गंध
अपने सीने में भरी ?
कभी उसकी छाल को घिसकर
अपने घावों पर लगाया ?
कभी भादों के झकोरों में उन हरी कटारों के झौरों को
झूमते हुए देखा ?
नहीं !
तब तो यह कविता मेरा नाम ही धराएगी
जिसकी कोई पंक्ति
एक हरी पत्ती-भर छाया भी दे नहीं पाएगी
वो क्या बताएगी
कि कितनी सुन्दर होती हैं
पत्तियाँ नीम की।

-नरेश सक्सेना
२० मई २०
१३

इस रचना पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमन। उपहार। काव्य चर्चा। काव्य संगम। किशोर कोना। गौरव ग्राम। गौरवग्रंथ। दोहे। रचनाएँ भेजें
नई हवा। पाठकनामा। पुराने अंक। संकलन। हाइकु। हास्य व्यंग्य। क्षणिकाएँ। दिशांतर। समस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इसमें प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक सोमवार को परिवर्धित होती है

hit counter