अंजुमनउपहार कविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्राम
गौरवग्रंथ दोहेरचनाएँ भेजेंनई हवा पाठकनामा पुराने अंकसंकलन
हाइकु हास्य व्यंग्यक्षणिकाएँदिशांतरसमस्यापूर्ति

 


ज्योति पर्व
संकलन

 

अंतर्ज्योति

जगमगाती आभा के बीच
कैसे जलाऊँ अपने ह्रदय में दीप
भीतर बस अँधेरा ही अँधेरा
अमावस की काली रात में
मंगलमय पर्व के
शुभ-संकेत के बावजूद
क्यों भयभीत हूँ इस प्रकाश से
सजे तोरण के निकट बँटती मिठाइयाँ
क्यों झिझकता हूँ कि
कैसे ले लूँ अपने मैले हाथों से।
फिर भी हिम्मत बाँध कर
बच्चों की भाँति खुश होकर
जलती फुलझड़ी के सिरे से
कोरी माटी का
एक पार्थिव दीया तो जला लूँ
भीतर कोई विस्फोट न सही
बाहर ही बाहर
कुछ पटाखे छोड़ लूँ
आँखों मे उत्साह की चमक लिए...
प्रार्थना कस्र्णामयी लक्ष्मी मैया से
इस अंतस मे भी लुटा दे
कुछ किरणें
मेरी नादान और भोली
अठखेलियों पर रीझ कर।

-हरिहर झा

दीपकों की लौ

जगमगाते दीपकों के आलोक में
बचकाने पटाखों के कोलाहल में
छिपा एक खोखलापन
मन को कुरेद-कुरेद जाते हैं

यह कैसी दीवाली की रात
अंतस में अँधेरे का कुहासा
बाहर दिखावे की जगमगाहट
विरोधात्मक परिवेश में
घिसते हुए मानव
मन की छटपटाहट को
उधेड़-उधेड़ जाते हैं

दीपकों की लौ
एक दूसरे से अनभिज्ञ
अपने तले अँधेरे को ही
मिटाने मे व्यस्त
हवा के झोंके अब
हृदय के तारों को
बिखेर-बिखेर जाते हैं।

-शीतल श्रीवास्तव

 

इस कविता पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमनउपहारकविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्रामगौरवग्रंथदोहेरचनाएँ भेजें
नई हवा पाठकनामा पुराने अंक संकलनहाइकुहास्य व्यंग्यक्षणिकाएँ दिशांतरसमस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक माह की 1–9 –16 तथा 24 तारीख को परिवर्धित होती है।