अंजुमनउपहार कविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्राम
गौरवग्रंथ दोहेरचनाएँ भेजेंनई हवा पाठकनामा पुराने अंकसंकलन
हाइकु हास्य व्यंग्यक्षणिकाएँदिशांतरसमस्यापूर्ति

 

नव वर्ष अभिनंदन

सपनों का सौदागर

         

बहु प्रतीक्षित सपनों का सौदागर आया।
पाहुन बनकर नया वर्ष सबके घर आया।।

आँगन आँगन अभिनंदन के,
चौक सजाए।
सबको ऐसा लगे, कोई
अपने घर आए।।
जीवन में फिर कोई स्वर्णिस अवसर आया।
पाहुन बनकर नया वर्ष सबके घर आया।।

नए वर्ष का सूरज,
सबको बाँटे सोना।

हर बच्चे को मिले खेलने,
नया खिलौना।।
नया समय अब पहले से कुछ बेहतर आया।
पाहुन बनकर नया वर्ष सबके घर आया।।

बुझी हुई आँखों में,
सपनें जाग उठे हैं।
गहन तिमिर में जैसे,
दीपक राग उठे हैं।।
प्यासों के अधरों तक चलकर सरवर आया।
पाहुन बनकर नया वर्ष सबके घर आया।।

समय समंदर में हम सब,
बहते जाते हैं।

गहराई में गए वही,
मोती पाते हैं।।
समय पृष्ठ पर सूरज कर हस्ताक्षर आया।
पाहुन बनकर नया वर्ष सबके घर आया।।

सजीवन मयंक
1 जनवरी 2008

  

नया वर्ष

आशा की अंगड़ाई ले कर
अनगिनती बधाई दे कर
जाग उठा यह नया वर्ष अब।
नया सबेरा नई उमंगे
नई कामनाओं का उपवन
हर दिन के हर पल में देखे
सदा सुखी जन जग की चितवन।

भूल चलीं अब बीती बातें
बीत चलीं अब दुख की रातें
धीरे से मन को समझाएँ
सुख सपनों के फूल बिछाएँ।

अनजाने कल की जिज्ञासा
ले कर नए रूप की आशा
शुरू हुआ यह नया वर्ष अब।

पुष्पा भार्गव

 

इस कविता पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमनउपहारकविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्रामगौरवग्रंथदोहेरचनाएँ भेजें
नई हवा पाठकनामा पुराने अंक संकलनहाइकुहास्य व्यंग्यक्षणिकाएँ दिशांतरसमस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक माह की 1–9 –16 तथा 24 तारीख को परिवर्धित होती है।