अंजुमन। उपहार। काव्य संगम। गीत। गौरव ग्राम। गौरवग्रंथ। दोहे। पुराने अंक संकलन। अभिव्यक्ति। कुण्डलिया। हाइकु। हास्य व्यंग्य। क्षणिकाएँ। दिशांतर

        नेह के हम दीप बारें
 
फिर चलो देहरी दुआरे
स्नेह के हम दीप बारें

भीतियों पर
फिर उकेरें सातिये शुभकामना के
अल्पनाओ में भरे फिर रंग सच्ची भावना के
रोशनी की नव किरण से
आज घर आँगन बुहारें

ग्रंथियां मन
की सभी हम आज गंगा में सिरायें
दीप लहरों में नये संकल्प के फिर से तिरायें
बैठ कर तट पर मनोरम
दृश्य ये अपलक निहारें

उतर आई
हो धरा पर ज्यों गगन की तारिकायें
गा रहीं हैं गीत मंगल द्वार पर शुक सारिकायें
रह न जायें आज आँखों में
कहीं सपने कुँवारे

स्वर्ग से
संवाद करतीं ये धवल अट्टालिकायें
नाचती गाती थिरकती सघन विद्युत मालिकायें
चिर प्रतीक्षित इस निशा पर
आज सौ सौ दिवस वारें

- मधु शुक्ला
१ नवंबर २०२६

अंजुमन। उपहार। काव्य चर्चा। काव्य संगम। किशोर कोना। गौरव ग्राम। गौरवग्रंथ। दोहे। रचनाएँ भेजें
नई हवा। पाठकनामा। पुराने अंक। संकलन। हाइकु। हास्य व्यंग्य। क्षणिकाएँ। दिशांतर। समस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इसमें प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक सोमवार को परिवर्धित होती है