अंजुमनउपहार कविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्राम
गौरवग्रंथ दोहेरचनाएँ भेजेंनई हवा पाठकनामा पुराने अंकसंकलन
हाइकु हास्य व्यंग्यक्षणिकाएँदिशांतरसमस्यापूर्ति

 


तुम्हें नमन
राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी को समर्पित कविताओं का संकलन

 

युगावतार गांधी

चल पड़े जिधर दो डग, मग में चल पड़े कोटि पग उसी ओर,
पड़ गई जिधर भी एक दृष्टि पड़ गए कोटि दृग उसी ओर,

जिसके शिर पर निज धरा हाथ उसके शिर-रक्षक कोटि हाथ,
जिस पर निज मस्तक झुका दिया झुक गए उसी पर कोटि माथ,
हे कोटिचरण, हे कोटिबाहु, हे कोटिरूप, हे कोटिनाम!
तुम एकमूर्ति, प्रतिमूर्ति कोटि हे कोटिमूर्ति, तुमको प्रणाम!

युग बढ़ा तुम्हारी हँसी देख युग हटा तुम्हारी भृकुटि देख,
तुम अचल मेखला बन भू की खींचते काल पर अमिट रेख,
तुम बोल उठे, युग बोल उठा, तुम मौन बने, युग मौन बना,
कुछ कर्म तुम्हारे संचित कर युगकर्म जगा, युगधर्म तना,

युग-परिवर्तक, युग-संस्थापक, युग-संचालक, हे युगाधार!
युग-निर्माता, युग-मूर्ति! तुम्हें युग-युग तक युग का नमस्कार!
तुम युग-युग की रुढ़ियाँ तोड़ रचते रहते नित नई सृष्टि,
उठती नवजीवन की नीवें ले नवचेतन की दिव्य-दृष्टि,

धर्माडंबर के खंडहर पर कर पद-प्रहार, कर धराध्वस्त
मानवता का पावन मंदिर, निर्माण कर रहे सृजनव्यस्त!
बढ़ते ही जाते दिग्विजयी! गढ़ते तुम अपना रामराज,
आत्माहुति के मणिमाणिक से मढ़ते जननी का स्वर्णताज!

तुम कालचक्र के रक्त सने दशनों को कर से पकड़ सुदृढ़,
मानव को दानव के मुँह से ला रहे खींच बाहर बढ़-बढ़,
पिसती कराहती जगती के प्राणों में भरते अभय दान,
अधमरे देखते हैं तुमको, किसने आकर यह किया त्राण?

दृढ़ चरण, सुदृढ़ करसंपुट से तुम कालचक्र की चाल रोक,
नित महाकाल की छाती पर लिखते करुणा के पुण्य श्लोक!
कँपता असत्य, कँपती मिथ्या, बर्बरता कँपती है थरथर!
कँपते सिंहासन, राजमुकुट कँपते, खिसके आते भू पर,

हे अस्त्र-शस्त्र कुंठित लुंठित, सेनाएँ करती गृह-प्रयाण!
रणभेरी तेरी बजती है, उड़ता है तेरा ध्वज निशान!
हे युग-दृष्टा, हे युग-स्रष्टा, पढ़ते कैसा यह मोक्ष-मंत्र?
इस राजतंत्र के खंडहर में उगता अभिनव भारत स्वतंत्र!

-सोहनलाल द्विवेदी

इस कविता पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमनउपहारकविकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्रामगौरवग्रंथदोहेरचनाएँ भेजें
नई हवा पाठकनामा पुराने अंक संकलनहाइकुहास्य व्यंग्यक्षणिकाएँ दिशांतरसमस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक माह की 1–9 –16 तथा 24 तारीख को परिवर्धित होती है।