अंजुमनउपहारकाव्य संगमगीतगौरव ग्राम गौरवग्रंथदोहे पुराने अंक संकलनअभिव्यक्ति कुण्डलियाहाइकुहास्य व्यंग्यक्षणिकाएँदिशांतर

        सूरज की भट्ठी

 
धधक रही सूरज की भट्ठी, पारा पैंतालिस के पार
गर्मी ने इस बार किया है, सबका ही जीना दुश्वार

तपती सड़कें, जलते छप्पर, झुलस रहे सब खेत मकान
प्यासे पंछी ढूँढ़ रहे हैं, छाँव स्नेह की जल, गुड़ धान
हवा चले अंगार लपेटे, सूरज करता धूप प्रहार
कमरा भी तंदूर बना है, पंखे ने है खाई खार
बजा रहा है रोज मोबाइल
खतरे की घंटी हर बार

आमों के पेड़ों पर लेकिन, मीठे फल का है उपहार
कच्ची कैरी, आम-पना ही, बस लगते सुख के आधार
खरबूजा तरबूज लुभाए, बर्फ की चुस्की हर दिन वार
मटके का शीतल जल लगता, जैसे छलके अमृतधार
झुलस रहे गर्मी में ज्यादा
जीव जंतु जन जिम्मेदार

दुपहर के सूनेपन में ही, सो जाते सभी गाँव-गली
नीम तले चौपालें सजती, शाम की महफ़िल लगे भली
कूएँ पोखर सूख गए सब, बिजली करती अत्याचार
नल में भी अब जल न दिखता, चुए पसीने की बस धार

पंखा झलती दादी कहती
अपने किस्से बारंबार

दूर क्षितिज पर बादल कोई, जब वर्षा का दे संदेश
सूखी धरती की आँखों में, चमके आशा किरण विशेष
पहली बूँद गिरे तो लगता, जीत लिया है यह संसार
गर्मी की सब पीड़ा भूले, गाते रहें गीत मल्हार
परिवर्तन ही प्रकृति नियम है,
इस पर भी तो करें विचार

धूप भले तीखी हो कितनी, माना करती भी लाचार
तपिश भरा मौसम ही लाता, सावन का पावन उपहार
जीवन का भी यही नियम है, दुख ही सुख का खोले द्वार
तप कर ही सोने पर आता, सुंदर स्वर्णिम सुखद निखार
वृक्ष लगा, वन दोहन रोकें, और करें संभव उपचार
वर्ना गर्मी और करेगी,
हम सबका जीना दुश्वार

- प्रगति शंकर
१ जून २०२६

इस रचना पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमनउपहारकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्राम गौरवग्रंथदोहेरचनाएँ भेजें
नई हवा पाठकनामा पुराने अंक संकलन हाइकु हास्य व्यंग्य क्षणिकाएँ दिशांतर समस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इसमें प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक सोमवार को परिवर्धित होती है

hit counter