|
अनुभूति में
ओम प्रकाश यती की रचनाएँ—
नई रचनाएँ-
अँधेरे जब ज़रा
आदमी क्या
खेत सारे छिन गए
मन में मेरे
अंजुमन में-
इक नई कशमकश
नज़र में आजतक
बहन बेटियाँ
बहुत नज़दीक
बाबू जी
|
|
आदमी क्या
आदमी क्या, रह नहीं पाए सम्हल के देवता
रूपसी के जाल में उलझे फिसल के देवता
बाढ़ की लाते तबाही तो कभी सूखा विकट
किसलिए नाराज़ रहते हैं ये जल के देवता
भीड़ भक्तों की खड़ी है देर से दरबार में
देखिए आते हैं अब कब तक निकल के देवता
की चढ़ावे में कमी तो दण्ड पाओगे ज़रूर
माफ़ करते ही नहीं हैं आजकल के देवता
लोग उनके पाँव छूते हैं सुना है आज भी
वो बने थे ‘सीरियल’ में चार पल के देवता
भीड़ इतनी थी कि दर्शन पास से सम्भव न था
दूर से ही देख आए हम उछल के देवता
कामना पूरी न हो तो सब्र खो देते हैं लोग
देखते हैं दूसरे ही दिन बदल के देवता
है अगर विश्वास तो फिर डर कहीं लगता नहीं
हर क़दम पर हैं हमारे साथ बल के देवता
है अगर किरदार में कुछ बात तो फिर आएंगे
कल तुम्हारे पास अपने आप चल के देवता
शाइरी सँवरेगी अपनी हम पढ़ें उनको अगर
हैं पड़े इतिहास में कितने ग़ज़ल के देवता
२८ मार्च २०११
|